Bob Dylan हमारे समय के शीर्ष गायक, संगीतकार और विद्रोही कवि के रूप में सिर्फ अमेरिका में ही नहीं, विश्व भर में समादृत हैं । उन्होंने गीतों के अतिरिक्त दो पुस्तकें गीत साहित्य के दर्शन पर भी लिखी हैं। केवल गीतकार या गायक होना ही उनकी विश्वव्यापी प्रसिद्धि का कारण नहीं है । अपने समय की देह और आत्मा को अपनी विद्रोही रचनाओं की शक्ति से इस तरह उद्वेलित करने वाले कवि – गायक किसी भी समाज में बहुत कम होते हैं। अमेरिका का अश्वेत आंदोलन जहां मार्टिन लूथर किंग जैसे नेताओं से प्रेरित– संचालित था, वहां अन्याय के खिलाफ बॉब डिलन के गीत जनसमुदाय के मन मस्तिष्क को विचलित कर रहे थे। ऐसा वातावरण था कि कुछ भी हो सकता है। सम्भवनाओं का ऐसा विस्तृत आसमान बॉब डिलन के विद्रोही गीतों ने पैदा किया कि भीतरी बाहरी सब कुछ थिरक उठा। –
–संपादक
2016 में जब बॉब डिलन को साहित्य के लिए नोबेल प्राइज दिया गया तो नोबेल प्राइज कमेटी ने कारण दिया, ” for having created new poetic expressions within the Great American song tradition.” इस पुरस्कार की आलोचना भी हुई। साहित्यिक पंडितों ने और कविता , आलोचना के शुद्धवादियो ने कई प्रश्न उठाए। वे माने या न माने, डिलन के लोक गीतों ने पूरे विश्व के लोगों को इतना ज्यादा उत्साहित किया है, इतना साहित्य को प्रभावित किया है, समाज और संस्कृति को बदला है ,जिसकी मिसाल काम ही मिलती है। । उनके गानों के बोल उन के संगीत की तरह ही विद्रोही स्वभाव के हैं। उन्होंने पश्चिमी गीतों के , कविता के, संगीत के , लोकगीतों के मानदंड बदले हैं। Beatles, Rollingstone , Bruce Springsteen जैसे बैंड उनसे पूरी तरह प्रभावित हैं। पश्चिमी समाज की वे अंतरात्मा को झकझोरते रहे हैं। अश्वेत लोगों के लिए समाज का घृणात्मक व्यवहार , कानून व्यवस्था, विश्व में अराजकता , परमाणु बम की बात हो , या कोई भी हैवानियत की स्थिति, उनके गीत हर स्थिति पर लिखे गए हैं। न केवल उन्होंने
खुद गाए हैं, लगभग सभी गीत- संगीतकारों ने उनके गीतों को अपनाया है।अमेरिका के अश्वेत नागरिक अधिकार आंदोलन( Black Civil Rights Movement) में वे अग्रणी रहे हैं। इस बात को समझने के लिए हमें लगभग 60 वर्ष पीछे मुड़ कर देखना होगा। कैसे शुरू हुआ उनका सफर जिसने हर शिखर को छुआ , उनकी क्रन्तिकारी मनस्थिति को जानने के लिए , एक झरने की तरह संगीत और गीत कैसे इस महान कलाकार इंसान के मन से फूटते हैं, उसे समझने के लिए । उनके युवा दिनों की ओर जाना होगा ।
:
जनवरी 1961 की एक रात का दृश्य! कैफे Wha? में एक उन्नीस वर्षीय दुबला पतला लड़का Woody Guthrie का एक लोक गीत गिटार पर गाने लगा। न्यूयॉर्क शहर में यह उसकी पहली रात थी। यह लड़का Robert Zimmerman मिनिसोटा प्रांत में यूनिवर्सिटी की पढ़ाई छोड़ कर बीमार, मरणासन्न , प्रसिद्ध लोकगायक Woody Guthrie को मिलने न्यूजर्सी आया था। उसने खुद ही गिटार और हारमोनिका बजाना सीखा था । न्यूयॉर्क शहर के इस Greenwich विलेज इलाके में शामों को कैफे लोगों से भरे रहते। Alan Ginsberg, Burroughs, Kerouac जैसे लेखक घंटों साथ बैठे दिखते। Ginsberg की Howl और Kaddish संग्रह आ चुके थे, तहलका मच चुका था। Howl पर obscenity के केस चल रहे थे। ये लोग मैली ,मुड़ी तुड़ी पैंट पहने ,पुराने कपड़े पहने रहते। हालांकि वे और उनके साथी ड्रग्स लेते थे। फिर भी अमेरिका को अपने मूल्यों पर वापस लाना ही है, वे इस बात पर तुले थे। युवा लोग उन का अनुसरण करते, अमेरिका में बुद्ध और हिंदू धर्म की बातें होने लगी थीं। इस इलाके के कैफे शामों को आर्टिस्ट, पेंटर्स, लेखकों, अभिनेताओं, नशे करते युवाओं से लदे एक नई दुनिया को जन्म देने में व्यस्त थे। इस वक्त अमेरिका बिल्कुल अलग देश था। कोई बड़े-बड़े शॉपिंग माल नहीं थे। या तो बड़े शहर थे, छोटे कस्बे या खेत। एक तरफ तो वियतनाम और क्यूबा के खिलाफ़ अमरीका का विरोध चल रहा था , दूसरी ओर काले अमरीकी अपने हक की लड़ाई लड़ रहे थे। एलजीबीटी , Gay rights और फेमिनिज्म के ब्रा -जलाने के प्रदर्शन न्यूयार्क में आम दिखाई पड़ते। Leslie Gore का मशहूर गीत You don’t own me पॉप संगीत के शिखर पर था। Betty Friedan का the Feminist Mystique लिखा जा रहा था। Andy Warhol जैसे पेंटर भी इसी इलाके में पॉप आर्ट से क्रांतिकारी पेंटिंग्स कर रहे थे। इस गहमा गहमी में यह पतला दुबला लड़का गिटार पर झुके अक्सर अपने गीत बजाता अपनी धुन में ही व्यस्त दिखता। शामों को अपने किसी दोस्त के घर उसके सोफे पर या कहीं भी सो लेता। चूहे और खटमलों से भरे हुए कैफे या किसी घर का भूतल उनकी प्रयोगशाला थी। इस युवक ने लोगों को अपना असली नाम बताया ही नहीं और अपने आपको ‘बॉब डिलन’ कहता था। Welsh कवि Dylan Thomas के नाम पर। वह बोलते हुए हकलाता था। उसकी आवाज और अंदाज में एक खास झंकार थी। उसका स्वभाव खुरदरा सा था। फिर भी लोग उसकी तरफ प्रभावित होते थे। उसकी पहली एलबम की हजार एक प्रतियां ही बिकी थी । कोलंबिया स्टूडियो ने उसे यह अवसर दिया था, और वह अवसर चला ही जाता उसके हाथ से , पर उन्ही दिनों Gaslight कैफ़े में गीत बजाते इस युवा संगीतकार पर कई लोगो की नज़र पड़ चुकी थी । इस कैफ़े में उन्हें पैसे नहीं दिए जाते थे, गाने के बाद एक टोकरी या Hat में श्रोता कुछ पैसे डाल देते , कभी सात डॉलर बन जाते तो बहुत थे । उनकी उम्र उस वक्त २० साल की थी , जब New York Times में एक रिपोर्टर ने उन पर एक लम्बा लेख लिखा , इस सब से वह काम करते रहने को प्रेरित रहे और गीत लिखते बजाते रहे ।
जुलाई 1962 में, Dylan की एक सुंदर युवती सूज़ी रोटोलो से भेंट हुई। वह सत्रह वर्षीया खुद को Leftist कहती थी। उसके पिता कम्युनिस्ट थे। वह Congress of racial equality( CORE) ऑफिस में सेक्रेटरी का काम करती थी। उसने डिलन का परिचय कई लेखकों से करवाया, ब्रेख्त, रिमबाड, कई पेंटर्स और नाटककारों से। जल्दी ही वे दोनों एक छोटा सा अपार्टमेंट किराए पर लेकर साथ रहने लगे। वे दोनों अपनी मस्ती में थे , दुनिया बदलने का स्वप्न देखते थे। बॉब डिलन चाहते थे कि सूज़ी के काम पर एक फंक्शन में उन्हें गाने को बुलाया जाए। इस उम्मीद में उन्होंने कालों की स्थिति पर एक गीत लिखा। 1955 में एक युवा अश्वेत लड़का मिसिसिपी प्रांत में, एक गोरी स्त्री को सीटी मारते हुए पकड़ा गया था और उसकी पिटाई के बाद गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई थी । The Ballad of Emmett Till इस कड़ी का पहला गीत था ।
उसके बाद उन्होंने कई ऐसे गीत लिखे जिन्हें Broadside नाम की एक नई पत्रिका में प्रकाशित किया गया। वह एक नई पत्रिका थी, अप्रैल के अंक में एक और गीत इसी पत्रिका में छपा ‘Blowin’ in the wind’। उन्होंने 10 मिनट में यह गीत लिखा और फिर अपने एक दोस्त को बुलाकर सुनाया। बाद में चल कर यह गीत इतिहास बन गया , उस समय के अश्वेत , असहाय स्थितियों पर लिखा यह गीत जैसे एक मानदंड बन गया।
आस पास की हर स्थिति जिसके लिए सत्ता और समाज मूक बधिर बना रहता है, उस पर प्रश्न उठाता यह गीत अनेकों संगीतकारों ने गाया। इसमें एक सफ़ेद Dove की उपमा भी है, जो सुख शांति प्रतीक माना जाता है। हजारों वर्षों से पश्चिम में, इन्हे छोड़ना नई शुरुआत और नए दिन का प्रतीक माना जाता है। गीत की कुछ पंक्तियां:
How many roads must a man walk down
Before you call him a man?
How many seas must a white dove sail
Before she sleeps in the sand?
…………………….
The answer, my friend, is blowin’ in the wind
The answer is blowin’ in the wind…
And how many ears must one man have
Before he can hear people cry?
Yes, and how many deaths will it take ’til he knows
………….
The answer is blowin’ in the wind
जल्दी ही राजनेता, श्वेत शुद्धता वादी, अत्याचारियों के लिए मुसीबत बनने वाला था यह गीत।
यह यह और ऐसे कई गीत मई 1963 में बॉब डिलन की म्यूजिक एल्बम The Freewheelin’ Bob Dylan में शामिल किये गए । इस एलबम के कवर पर डिलन और सूज़ी की एक बड़ी प्यारी सी तस्वीर भी थी। इस गीत को एक और बैंड ने कुछ सप्ताह बाद ही गाया और वह बिलबोर्ड Pop chart के दूसरे नंबर पर पहुंच गया। जुलाई तक दस लाख रिकॉर्ड बिक गए और हर जगह, रैलियों, कंसर्ट , यहां तक कि चर्चों में यह गीत सुनाई पड़ता। इसकी धुन भी उन्होंने एक एक नीग्रो स्प्रिचुअल धुन से निकाली थी। इस गीत से उनकी छवि बाइस वर्ष की उम्र में ही विद्रोही गीतकार के रूप में उभरी। उनकी आवाज उस वक्त के जागरूक युवा लोगों की आवाज थी। उन पर सरकार विरोधी होने का दोष भी लगाया गया ।
1963-64 के समायंश में डिलन ने अनेकों विद्रोही गीत लिखे जो काले लोगों की स्थितियों पर थे। John Birch, Let me die, No more auction block, Oxford Town, Paths of Victory, Let me die in my footsteps। Hurricane उनका एक अन्य प्रसिद्ध गीत है, एक बॉक्सर को गलत सजा दे दी गयी थी, किसी को मारने के जुर्म मे। बीस साल जेल में काटने के बाद, इस मुक़दमे में उनकी जीत हुई । ऐसे गीत लिखने के बाद 22 वर्षीय बॉब डिलन युवा लोगों के लिए, समाज के लिए बदलाव के प्रतीक बन गए एक बेहद मशहूर गीत Only a Pawn in the game मिसिसिपी के नेता Medgar Evers की हत्या पर लिखा हुआ, आज भी बार-बार गाया जाता है और मार्टिन लूथर किंग की सभा में भी गाया गया था। उसकी कुछ पंक्तियां यहां देना तर्कसंगत होगा। इस गीत में उन्होंने कालों के साथ-साथ गरीब श्वेत लोगों की भी चर्चा की है कि कैसे राजनेता श्वेत और अश्वेत दोनों को इस्तेमाल करते हैं। यह गीत हर समाज की राजनैतिक स्थिति पर लागू होता है
…poor white man’s used in the hands of them all like a tool
He’s taught in his school
From the start by the rule
That the laws are with him
To protect his white skin
To keep up his hate
So he never thinks straight….
From the poverty shacks, he looks from the cracks to the tracks
And the hoofbeats pound in his brain
And he’s taught how to walk in a pack
Shoot in the back
With his fist in a clinch
To hang and to lynch
To hide ‘neath the hood
To kill with no pain
Like a dog on a chain
He ain’t got no name
But it ain’t him to blame
He’s only a pawn in their game..
The Times, they are a- changing उनका अत्यंत प्रसिद्ध गीत है जो कई दूसरे गायकों ने भी गाया है। आने वाले समय में बदलाव का प्रतीक , सत्ता विरोधी भावनाओं का प्रतीक , उम्मीद का गीत । डिलन ने खुद कहा कि मैं एक बहुत बड़ा गीत लिखना चाहता था जिसका कोई उद्देश्य हो। मुझे पता था, क्या कहना है और किसे कहना है और कैसे कहना है। बाद में बर्लिन वाल के गिराने पर यही गीत बजाया गया। आजकल के युवा गीतकार आज भी यह गीत गाते हैं, उसी भावना से , जैसे 1963 में Dylon ने यह गीत लिखकर गाया था। यह एक राष्ट्रगान जैसा गीत है। हर अमरीकन की जुबान पर चढ़ा हुआ गीत।
अपने समय को बदल देने वाला यह गीत न केवल आम लोगों को बल्कि लेखकों , क्रिटिक्स ,सीनेटर, राजनेताओं को संबोधित कर के गाया गया था, उनकी अंतरात्मा को झिंझोड़ने के लिए, ताकि समाज उठ खड़ा हो, हर अन्याय के लिए, या शर्मसार ही हो,
…Come writers and critics who prophesize with your pen
And keep your eyes wide
the chance won’t come again….
Come senators ,congressman please heed the call
don’t stand in the doorway don’t block up the hall
Come mothers and fathers…
The order is rapidly fadin’
And the first one now
will later be last
for the times, they are a- changin’
****
उन दिनों कोल्ड वॉर और वियतनाम की लड़ाई की वजह से अमरीका और अन्य देश एक दुसरे के खिलाफ खड़े थे । सारा माहौल विषाक्त था । क्यूबन मिसाइल क्राइसिस से पहले ही लिखा उनका गीत A Hard rain’s gonna fall’ परमाणु युद्ध के बारे में लिखा हुआ एक मशहूर गीत है जो उन्होंने कार्नेगी हॉल में गाया।
…
I’ve been out in front of a dozen dead oceans
I’ve been ten thousand miles in the mouth of a graveyard
And it’s a hard, and it’s a hard…
And it’s a hard rain’s a-gonna fall….
I saw a black branch with blood that kept drippin’
I saw a room full of men with their hammers a-bleedin’
I saw a white ladder all covered with water
I saw ten thousand talkers whose tongues were all broken
I saw guns and sharp swords in the hands of young …
And it’s a hard, it’s a hard, it’s a hard, it’s a hard
It’s a hard rain’s a-gonna fall
एक तरह का चित्र और भविष्यवाणी था या गीत। इन्ही दिनों उन्होंने एक और गीत लिखा, Masters of war, हथियारों की दौड़ पर डिलन की नफ़रत एक एक शब्द से टपकती है ।
…And I hope that you die and your death’ll come soon
I will follow your Casket
by the pale afternoon
and I will watch while you are lowered
down to your deathbed
and I’ll stand over your grave till I’m sure that you are dead
इस पूरे गीत का हर स्वर क्रोध से भरा हुआ है। ऐसे गीत पढ़ने के बाद सिर्फ बहुत देर के लिए खामोश ही हुआ जा सकता है।
****
अगस्त 1963 में जब अश्वेत नेताओं ने आह्वान किया वाशिंगटन में रैली करने का, तो मार्टिन लूथर किंग के भाषण से पहले बॉब डिलन ने तीन गीत सुनाए। पीटर, पॉल और मेरी के बैंड ने भी Blowin’ in the wind गाया। लूथर उनकी ओर देखते हुए उन्हें सुन रहे थे। ढाई लाख लोग इस सभा में शामिल थे। जल्दी ही इतिहास बदलने वाला था। बॉब डिलन के साथ जोन बाएज़ (Joan Baez) भी स्टेज पर थी जो बाद में उनकी कई वर्ष तक संगीत और जीवन संगिनी रही। वह उस समय विश्वप्रसिद्ध लोक गायिका थीं ।
इतनी प्रसिद्धि के बाद देश में तो काफी कुछ बदला ही , डिलन की अपनी जिंदगी में भी सब कुछ बदल गया । वे अपने आप को सीमित नहीं करना चाहते थे , उन्होंने प्रतिरोध के गीत लिखने बंद कर दिए और अपने आप को उस से जोड़कर देखना बंद कर दिया। हालांकि प्रतिरोध और समाज की अंतरात्मा आज भी उनके सभी गीतों में है। ओबामा के राष्ट्रपति शपथ समारोह में भी उन्होंने पर भी उन्होंने Blowin’ in the wind ही गाया।
1964 में कुछ साल के लिए उनकी जिंदगी बिल्कुल बदल गई हर अर्थ में। उनके गाने का अंदाज भी बदल गया। इस संगीतकार का एक निजी पक्ष भी है, जो बदला , पूरी तरह से बदला । कुछ नहीं बदला तो उनका क्रेज़ और श्रोताओं का उनके लिए प्यार और दूसरे गायकों का उनको अनुसरण करना। वे संगीत के देवता की तरह स्थापित हो गए। साहित्यकार होने के साथ साथ डिलन अभिनय भी करते हैं और चित्रकला में भी निपुण हैं। 2012 में Presidents medal of freedom , कई बार ग्रैमी अवार्ड, रॉक एंड रोल हॉल ऑफ फेम, पुलित्जर प्राइज और अंततः 2016 में नोबेल प्राइज और अनगिनत सम्मान। सैंकड़ों गीत, अनेकों लेख, आत्मकथा और अनेकों स्टेज प्रोग्राम। 81 की उम्र में वे उसी तरह सक्रिय हैं। उनके बारे में उन्हीं का ही गीत गूंजता है जब भी उनके बचपन के शहर के पास से हम गुजरते हैं;
पहले :
… How does it feel,ah how does it feel
To be on your own,
with no direction home
Like a complete unknown, like a rolling Stone.
और अब:
. Don’t trust me to show you the truth
When the truth may only be ashes and dust
If you want somebody you can trust
Trust yourself…
इस लेख में सिर्फ उनके विद्रोही गीतों की बात हुई है। जीवन की हर स्थिति पर उनके गीत हैं। उन्होंने एक आत्मकथा और हाल में ही, एक आलोचना की किताब भी लिखी है, जिसमे 60 लेखों में प्रसिद्ध गीतों का विश्लेषण किया है- The Philosophy of Song। उनके गीतों और संगीत को किसी एक विशेष परम्परा से जोड़ कर नहीं देखा जा सकता। हर तरह से वे सिर्फ बॉब डिलन हैं , अपने लिए भी और दुनिया के लिए भी।
